पूर्वी सिंहभूम, 17 जून । रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले की कोशिश को लेकर प्रदेश के पूर्व मंत्री तथा भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टैग करते हुए उन्होंने घटना की कड़ी निंदा की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। यह केवल एक संगठन पर हमला नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रवादी मूल्यों पर सीधा प्रहार है।
दुलाल भुईयां ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि मामले में शामिल लोगों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त संदेश जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी कानून को अपने हाथ में लेने का साहस न कर सके। पूर्व मंत्री ने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून का शासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं है।
दुलाल भुईयां ने भरोसा जताया कि जांच एजेंसियां इस मामले का जल्द खुलासा करेंगी और दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।
गौरतलब है कि रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में स्थित संघ कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश की गई थी। हालांकि हमलावरों का प्रयास सफल नहीं हो सका और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
