छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में भी होंगे शामिल, खिलाड़ियों का बढ़ाएंगे उत्साह
रायपुर, 01 नवंबर । केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगारमंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज र छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वे नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 का शुभारंभ करेंगे। राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
केंद्रीयमंत्री अपने प्रवास के दौरान नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने के साथ छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भी शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय महोत्सव में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न अंचलों के लोककलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकार भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीयमंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शाम 5 बजे नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय पहुंचेंगे। यहां वे नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इस परियोजना से स्वास्थ्य शिक्षा के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने तथा चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीयमंत्री शाम 6 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचकर तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
केंद्रीयमंत्री डॉ. मांडविया रात 8 बजे रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
