मैराथन का आयोजन

रांची, 7 अक्टूबर।  झारखंड की राजधानी रांची में “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी” अभियान के तहत आगामी 12 अक्टूबर को  विकसित भारत–2047 मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में 25 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने सोमवार को अपने अरगोड़ा स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी संकल्प के आह्वान पर यह आयोजन रांची का ऐतिहासिक कार्यक्रम बनने जा रहा है।

मैराथन का उद्देश्य “आत्मनिर्भर भारत” और “स्वदेशी अपनाओ” अभियान को जन–जन तक पहुंचाना है।

 

उन्होंने कहा कि “यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि स्वदेशी के प्रति हमारे संकल्प को सशक्त करने वाला ऐतिहासिक अभियान है। मैं रांचीवासियों से आह्वान करता हूं कि वे इसमें भाग लेकर इस संकल्प को और मजबूत करें।”

मैराथन मार्ग मोराबादी मैदान से प्रारंभ होकर एसएसपी आवास, कांके रोड, प्रेमसंस मोटर्स, श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय होते हुए पुनः मोराबादी मैदान पर समाप्त होगा।

मार्ग में मारवाड़ी युवा मंच, माहेश्वरी सभा समेत विभिन्न सामाजिक संगठन पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत करेंगे। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, प्रमाणपत्र और अल्पाहार प्रदान किया जाएगा।

झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सभी वर्ग— विद्यार्थी, खिलाड़ी, महिलाएं, स्वयंसेवक, सामाजिक संगठन और आम नागरिक—भाग लेंगे।

एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से राज्य में खेलों को नई दिशा और खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।

भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि यह मैराथन “स्वदेशी की भावना को जन–जन में प्रज्वलित करने का सशक्त माध्यम बनेगा।”

इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे और उदय साहू भी उपस्थित थे।