पूर्वी सिंहभूम, 06 अक्टूबर । पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण को लेकर राज्य सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें की हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन भेजकर शारदीय नवरात्र से लेकर दुर्गा पूजा तक दस दिनों के लिए पूरे झारखंड में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया है। मंगलवार को दुलाल भुईयां ने कहा कि जमशेदपुर सहित पूर्वी सिंहभूम में दुर्गा पूजा का आयोजन बड़े स्तर पर होता है। शहर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु विभिन्न पूजा पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सुबह से लेकर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ पूजा समितियों की भी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि पूजा अवधि में शराब की बिक्री पर रोक लगाने से नशे में होने वाले विवाद, मारपीट, छेड़खानी और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराबबंदी की मांग की है।
दुलाल भुईयां ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पूजा अवधि में विशेष अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की नियमित जांच कर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है। साथ ही पुलिस और उत्पाद विभाग को अवैध शराब के अड्डों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश देने की मांग की गयी है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति ने भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अपनी ओर से तैयारी की है। समिति के निर्णय के अनुसार प्रत्येक पूजा पंडाल में कम से कम दस प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को पहचान पत्र के साथ तैनात किया जाएगा। ये स्वयंसेवक पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय कर भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे।
ज्ञापन में दुलाल भुईयां ने पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, पर्याप्त रोशनी, निर्बाध बिजली, शुद्ध पेयजल और नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने राज्य सरकार से पूजा समितियों को भोग सामग्री उपलब्ध कराने के साथ आयोजन के लिए प्रोत्साहन राशि देने का भी आग्रह किया।
दुलाल भुईयां ने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का पर्व है। इसलिए सरकार और प्रशासन को ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए, जिसमें श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा पंडालों का भ्रमण कर सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में इन मांगों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
