mausam

कोलकाता, 12 जनवरी। कुछ दिनों की सुस्ती के बाद सर्दी ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। रविवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान जहां करीब 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को इसमें अचानक गिरावट दर्ज हुई और पारा लुढ़ककर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पौष महीने के अंतिम चरण में इस गिरावट से ठंड का असर फिर से महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 14 जनवरी, मकर संक्रांति के दिन तापमान में और गिरावट आ सकती है। विभाग का अनुमान है कि 23 जनवरी को सरस्वती पूजा तक ठंड का असर बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने अति गहरे निम्न दबाव का राज्य पर सीधा असर नहीं पड़ा, लेकिन इसके कारण दक्षिण बंगाल में नमी वाले बादल आ गए थे, जिससे कुछ समय के लिए उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ गई थीं। बादलों के हटते ही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं फिर सक्रिय हो गईं, जिसका असर रविवार रात से ही दिखने लगा।

ठंड के साथ-साथ कोहरे का प्रभाव भी बना रहेगा। कोलकाता में आकाश साफ रहने की संभावना है, लेकिन उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार समेत कई जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।