बच्चे की मौत

पश्चिमी सिंहभूम, 16 अप्रैल । जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंडिसाधर गांव में एक सड़क हादसे में 05 वर्षीय मासूम कृष्ण पाड़िया की मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मृतक के पिता कुंदन पाड़िया ने बताया कि उनका बेटा कृष्ण घर के पास स्थित एक दुकान से खाने-पीने का सामान लेने गया था। इसी दौरान कुमारडुंगी से बलांडिया की ओर जा रही तेज रफ्तार सफेद कार ने विपरीत दिशा में आकर बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान कार चालक भागने लगा। गांव के एक युवक ने साहस दिखाते हुए अपनी साइकिल कार के आगे लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने साइकिल को टक्कर मारते हुए तेज गति से धनसारी की ओर फरार हो गया।

घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुमारडुंगी ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील चौधरी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

पिता कुंदन ने बताया कृष्ण का इसी माह आदित्यपुर के गम्हरिया स्थित एक निजी विद्यालय में नामांकन कराया गया था और वह पढ़ाई को लेकर काफी उत्साहित था।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।