shu

कोलकाता, 15 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात वैज्ञानिक और ‘मिसाइल मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने समाज माध्यम पर एक संदेश साझा कर देश के महान वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

डॉ. अवुल पकिर जैनुलाब्दीन अब्दुल कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। वे भारत के 11वें निर्वाचित राष्ट्रपति थे और उन्होंने 25 जुलाई 2002 से 25 जुलाई 2007 तक इस पद पर कार्य किया। वैज्ञानिक उपलब्धियों, सादगीपूर्ण जीवन और युवाओं को प्रेरित करने वाले विचारों के कारण उन्हें देशभर में विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।

डॉ. कलाम ने अपने वैज्ञानिक जीवन के लगभग चार दशक रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) से जुड़े कार्यों में बिताए। भारत के नागरिक अंतरिक्ष कार्यक्रम और सैन्य मिसाइलों के विकास में उनके योगदान के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन’ की उपाधि मिली। देश के पहले स्वदेशी उपग्रह प्रक्षेपण यान एसएलवी-तीन के विकास में भी उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से रोहिणी उपग्रह को पृथ्वी की कक्ष में स्थापित करने में सफलता मिली।

वर्ष 1998 में पोखरण में हुए परमाणु परीक्षणों में भी डॉ. कलाम ने महत्त्वपूर्ण वैज्ञानिक और तकनीकी भूमिका निभाई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके योगदान और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं के लिए उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।

डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, परिश्रम, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है।