कोलकाता, 01 अप्रैल। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का हेलीकॉप्टर एक बार फिर खराब मौसम की वजह से प्रभावित हुआ। मुर्शिदाबाद जिले के बरहमपुर उपक्षेत्र के बड़ग्या में जनसभा करने के बाद वह हेलीकॉप्टर से नवग्राम जा रही थीं, लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण हेलीकॉप्टर वहां उतर नहीं सका।
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 02:10 बजे बड़ग्या से हेलीकॉप्टर द्वारा नवग्राम के लिए रवाना हुई थीं। बड़ग्या में उस समय मौसम सामान्य था, लेकिन नवग्राम के सभास्थल के पास मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण पायलट ने जोखिम नहीं लिया और हेलीकॉप्टर को वापस बड़ग्या ले जाकर सुरक्षित उतार दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से नवग्राम जाने का निर्णय लिया और वहीं से वाहन द्वारा सभास्थल के लिए रवाना हो गईं।
शुरुआत में यह आशंका जताई जा रही थी कि खराब मौसम के कारण नवग्राम की सभा रद्द हो सकती है, लेकिन बाद में तय हुआ कि मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पहुंचकर कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
इससे पहले भी गुरुवार को मुख्यमंत्री का विमान खराब मौसम की चपेट में आ गया था। उस दिन वह बीरभूम जिले के दुबराजपुर में सभा करने के बाद अंडाल हवाई अड्डे से कोलकाता लौट रही थीं। विमान दोपहर 03:39 बजे उड़ा था और लगभग चार बजे कोलकाता पहुंचने का कार्यक्रम था।
लेकिन कोलकाता क्षेत्र में अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू होने से विमान निर्धारित समय पर उतर नहीं सका। खराब मौसम के कारण विमान को कई बार उतरने की कोशिश करनी पड़ी। बताया गया कि पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई प्रयासों के बाद ही विमान को सुरक्षित उतारा।
करीब डेढ़ घंटे मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद अंततः शाम 05:19 बजे विमान कोलकाता हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर सका। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ने पायलटों की सतर्कता और पेशेवर दक्षता की सराहना भी की।
