लाखों की डकैती

ढाई लाख नकद, तीन लाख के जेवर, लैपटॉप, ड्रोन कैमरा व सीसीटीवी कैमरा लेकर फरार

अड़वारा गांव में चोरी , पुलिस जांच में जुटी

गिरिडीह, 9 अक्टूबर। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के भरकट्टा ओपी अंतर्गत चिताखारो गांव में बुधवार देर रात नकाबपोश अपराधियों ने स्थानीय किराना दुकानदार सह ग्राहक सेवा केंद्र संचालक संजय वर्मा के घर में घुसकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार रात करीब एक बजे छह नकाबपोश अपराधियों ने घर के पीछे वाले दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने संजय वर्मा, उनकी पत्नी और छह महीने के बच्चे को पिस्तौल की नोक पर बंधक बना लिया और धमकी दी कि शोर मचाने पर जान से मार देंगे।

इसके बाद अपराधियों ने पूरे घर की तलाशी ली और अलमारी में रखे पेट्रोल पंप की बिक्री के लगभग ढाई लाख रुपये नकद, करीब तीन लाख के सोने-चांदी के आभूषण, साथ ही दुकान में रखे ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी कैमरा और लैपटॉप लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए।

पीड़ित संजय वर्मा ने बताया कि जब अपराधी भाग रहे थे तो उन्होंने अपनी कार से उनका पीछा किया, लेकिन अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू की।

संजय वर्मा ने बताया कि उनके घर के समीप गणेश महतो का पेट्रोल पंप है। पंप की रोजाना की बिक्री राशि उन्हें बैंक में जमा कराने के लिए दी जाती थी, जिसे अपराधियों ने निशाना बनाया।

अड़वारा गांव में भी चोरी, घर से उड़ा ले गए नकदी व जेवर

इसी रात एक अन्य चोरी की एक अन्‍य घटना बगोदर थाना क्षेत्र के अड़वारा गांव में हुई। यहां अपराधियों ने प्रसादी महतो के घर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

गृहस्वामी की पत्नी द्रौपदी देवी ने बताया कि वे सभी लोग दुर्गा पूजा में शामिल होने बाहर गए थे।

गुरुवार सुबह जब वे लौटे, तो देखा कि घर के कई कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और आलमारी में रखे नकद, जेवर और कीमती सामान गायब थे।अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने यहां से करीब ढाई लाख रुपये के सामान और नकदी की चोरी की है।

घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।