मेदिनीपुर, 21 दिसंबर । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदापियासाल इलाके में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, दुर्गापुर में कार्यक्रम समाप्त कर झाड़ग्राम जिले के नयाग्राम में जात्रा (लोक-रंगमंच) कार्यक्रम के लिए जा रही जात्रा कलाकारों से भरी बस सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय बस में कुल 35 लोग सवार थे। दुर्घटना में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण घना कोहरा माना जा रहा है, वहीं बस का ब्रेक फेल होने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही शालबनी थाना की पुलिस तत्परता से मौके पर पहुंची। सिविक पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस संबंध में संस्था से जुड़े अभिनेता सुकुमार मंडल ने बताया कि बस में सोनार बांग्ला जात्रा संस्था, कोलकाता की टीम सवार थी। उन्होंने कहा कि टीम नयाग्राम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
