ओंकार

बोकारो, 9 मार्च। झारखंड के बोकारो जिले में स्थित सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया और सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोर्ट के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ईमेल पर भेजे गए संदेश में दावा किया गया था कि परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं और यदि दोपहर एक बजे तक क्षेत्र खाली नहीं कराया गया तो विस्फोट कर दिया जाएगा। ईमेल में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तथा तमिलनाडु का भी उल्लेख होने से मामला और अधिक संवेदनशील माना जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे न्यायिक पदाधिकारियों के माध्यम से पुलिस को इस धमकी की सूचना मिली। इसके बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया, आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर दी गई और अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस की टीमों के साथ रांची से जगुआर स्क्वाड की विशेष टीम को भी बुलाया गया है। संयुक्त टीम पूरे परिसर में बारीकी से तलाशी अभियान चला रही है।

एसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में अभी तक किसी ठोस लिंक की पुष्टि नहीं हुई है। ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे भेजने वाले की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा सके। इस मामले की सूचना रांची एटीएस को भी दे दी गई है।

फिलहाल कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सर्च ऑपरेशन के दौरान अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।

धमकी की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।