010826

पलामू, 01 अगस्त । पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के पिछुलिया-डगड़गवाटांड़ के जंगल से पुलिस ने 45 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया है। महिला की पहचान नौडीहा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत के सतबरवा निवासी उमेश यादव की पत्नी लालो देवी के रूप में हुई है। महिला बाजार गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे।

नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने शनिवार काे बताया कि लालो देवी, उमेश यादव की पहली पत्नी थीं और पिछले कई वर्षों से बिहार के बकरीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थीं। इधर कुछ दिन पहले ससुराल आई थी। पुलिस को घटनास्थल से शव के पास सल्फास का एक डिब्बा, एक बड़ा मोबाइल, चप्पल, पॉलिथीन में रखी लौकी, करेला, भिंडी के बीज तथा रसगुल्ला बरामद हुआ है।

संभावना है कि महिला ने रसगुल्ले के साथ सल्फास खाकर खुदकुशी कर ली है। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसके लिए कई स्तरों पर जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इधर परिजनों का कहना है कि महिला शुक्रवार सुबह बाजार करने के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस लौटकर नहीं आई शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने महिला का शव जंगल के रास्ते में देखा और मामले की सूचना दी। महिला का एक पुत्र और एक पुत्री है।