नाले से युवक का शव बरामद

पश्चिमी सिंहभूम, 24 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के सारंडियापोस गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक युवक का शव नाले से बरामद किया गया। पोड़ाहाट गांव और सारंडियापोस के बीच स्थित नाले में युवक का शव पानी में पेट के बल पड़ा मिला। स्थानीय ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना सोनुवा थाना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान सारंडियापोस गांव निवासी कानुराम टोपनो (25) के रूप में की। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद कानुराम टोपनो मछली पकड़ने के लिए नाले की ओर गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार को भी लगातार खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में एक शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कानुराम टोपनो के रूप में की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

सोनुवा थाना प्रभारी शशी बाला भेंगरा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।