रांची, 11 अगस्त। झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का राज्य के कई जिलों में असर नजर आया।
राजधानी रांची में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और लकड़ी जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रातू रोड, किशोरगंज चौक और हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर और लकड़ी जलाकर सड़क की एक लेन को अवरुद्ध कर दिया। इससे इन इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।

हरमू चौक पर कुछ कार्यकर्ता जेसीबी पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की। वहीं किशोरगंज चौक पर भी कार्यकर्ताओं ने टायर और लकड़ी जलाकर विरोध जताया।
बंद के कारण राजधानी में आम दिनों की तुलना में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम नजर आई। कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा।
इधर, झारखंड बंद को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
कई जिलों में बंद का असर
राजधानी रांची के साथ ही हजारीबाग, पलामू, गिरिडीह और चतरा जिलों के कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता बंद के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। अनेक स्थानों पर सड़कें जाम कर दी गई।
पलामू जिले में सुबह से ही बंद का असर दिखाई देने लगा। डालटनगंज के छहमुहान और रेडमा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
सिमडेगा में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से सड़कों पर उतर आए। बीरू सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-143 को जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारे लगाए। गिरिडीह के धनवार और चतरा के प्रतापपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना है। अन्य जिलों से भी बंद के समर्थन में प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही हैं।
पार्टी ने स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर सहित धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले कांवड़ियों को बंद से मुक्त रखने की बात कही है। बंद का आह्वान सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद किया गया।

पलामू में कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
पलामू । भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत ‘संपूर्ण झारखंड बंद’ का पलामू में भी असर नजर आया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छहमुहान, रेडमा, बैरिया चौक समेत कई प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई वाहन जाम में फंसे रहे।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सुबह करीब आठ बजे सड़कों पर उतरे। हाथों में पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया और सड़क से गुजर रहे वाहनों को रोक दिया। इसके कारण कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर टायर जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने और कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घोटालों में संलिप्त है और छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोमवार को झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया।
तिवारी ने कहा कि पार्टी के नेता छात्र नेताओं को समर्थन देने के लिए आंदोलन स्थल पर पहुंचे थे, उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जमशेदपुर में ‘झारखंड बंद’ का मिला-जुला असर , बाज़ार रहे बंद, सड़कों पर यातायात सामान्य
पूर्वी सिंहभूम । जमशेदपुर में झारखंड बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतर आए और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते नजर आए।
बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग मंडलों में जुलूस निकाला और बाजारों का दौरा किया। मानगो बस स्टैंड और भुईयाडीह इलाके में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कार्यकर्ताओं के साथ बंद की कमान संभाली। उन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों से हाथ जोड़कर बंद में सहयोग करने की अपील की। वहीं, बागबेड़ा क्षेत्र में सुबोध झा कार्यकर्ताओं के साथ दुकानें बंद कराते नजर आए।
कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर समेत कई इलाकों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजारों का दौरा कर दुकानदारों से बंद में सहयोग करने की अपील की।
गोलमुरी बाजार में बंद का अपेक्षाकृत अधिक असर देखने को मिला। यहां कई दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। भाजपा कार्यकर्ता बाजार में घूम-घूमकर व्यवसायियों से बंद को सफल बनाने की अपील करते रहे। शहर के कुछ अन्य इलाकों में भी दुकानें बंद रहीं, जबकि कई बाजारों में सामान्य दिनों की तरह कारोबार जारी रहा।
बंद के बावजूद शहर में यातायात पर खास असर नहीं पड़ा। ऑटो समेत अन्य वाहन सड़कों पर सामान्य रूप से चलते नजर आए। सुबह करीब आठ बजे से भाजपा कार्यकर्ताओं के सड़कों पर उतरने के बावजूद पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक पूरे शहर में बंद का व्यापक प्रभाव नहीं दिखा। कई इलाकों में दुकानें खुली रहीं और लोग रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से निकलते रहे।
भाजपा ने स्कूलों, मेडिकल दुकानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। अस्पतालों, एंबुलेंस और दवा दुकानों का संचालन सामान्य रखने की अपील की गई है।
इधर, बंद को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
जमशेदपुर में बंद का असर इलाकावार अलग-अलग नजर आया। कहीं बाजारों में दुकानें बंद रहीं तो कहीं सामान्य कारोबार जारी रहा। इस तरह शहर में भाजपा के झारखंड बंद को फिलहाल मिला-जुला समर्थन मिलता दिखाई दिया।
