खड़गपुर, 05 मई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीद के मुताबिक जीत मिली हैं। लोगों ने भाजपा को बहुत आशीर्वाद दिया है। यह बात भाजपा नेता दिलीप घोष ने मंगलवार सुबह खड़गपुर स्टेशन के समीप चाय पे चर्चा के दौरान कही। चुनाव जीतने के बाद दिलीप घोष से जब नई भाजपा सरकार में उनकी भूमिका को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें टिकट दिया था और उन्होंने चुनाव लड़ा। अब पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे स्वीकार करेंगे।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बीच भाजपा नेता दिलीप घोष एक बार फिर खड़गपुर सदर सीट से विधायक चुने गए हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार प्रदीप सरकार को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया। लगभग दस साल बाद दिलीप घोष फिर से विधायक बने हैं।
मंगलवार सुबह खड़गपुर में प्रातः भ्रमण के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने तृणमूल सरकार को काफी समय दिया। लोगों ने अत्याचार सहते हुए भी करीब 15 साल तक मौका दिया, लेकिन इस बार जनता ने बदलाव का फैसला किया।
उन्होंने यह भी कहा कि जब वाम मोर्चा की सरकार गई थी, तब भी कई बड़े नेता चुनाव हार गए थे।
गौरतलब है कि सोमवार को राज्य की 293 विधानसभा सीटों की मतगणना हुई। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा 206 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों पर सिमट गई है। वहीं, कांग्रेस को दो और माकपा को एक सीट मिली है।
