onkar

बीकानेर, 23 अप्रैल। राजस्थान के प्रसिद्ध उद्योगपति और नमकीन उद्योग के प्रमुख नाम बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के चेयरमैन शिवरत्न अग्रवाल का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से बीकानेर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर फैल गई है। अग्रवाल को भुजिया उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और बीकानेर के पारंपरिक स्वाद को देश-विदेश में पहचान दिलाने के लिए जाना जाता था।

शिवरत्न अग्रवाल पत्नी के हार्ट का इलाज करवाने चेन्नई गए थे। इलाज के बाद पत्नी की हालत ठीक बताई जा रही है। शिवरत्न गुरुवार सुबह चेन्नई से बीकानेर के लिए रवाना होने वाले थे। रात को सोये, लेकिन सुबह उठे नहीं।

शिवरत्न अग्रवाल के नेतृत्व में कंपनी ने नमकीन और भुजिया को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। बीकाजी ब्रांड आज देश ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में भारतीय स्वाद की पहचान बन चुका है। उनके प्रयासों से बीकानेर की पारंपरिक भुजिया अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंची।

उद्योग जगत के साथ-साथ शिवरत्न अग्रवाल सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे। जरूरतमंदों की मदद, सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा के कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण उन्हें शहर और समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था।

उनके निधन पर कई नेताओं और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया और इसे उद्योग जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि बीकाजी समूह के माध्यम से शिवरत्न अग्रवाल ने देश-विदेश में बीकानेर की पहचान को मजबूत किया।

शिवरत्न अग्रवाल के निधन से बीकानेर के उद्योग जगत और व्यापारिक समुदाय में गहरा शोक है। उनके योगदान को नमकीन उद्योग और समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक याद किया जाएगा। शहर में उनके परिवार, उद्योग जगत और समाज के लोगों के बीच शोक का माहौल बना हुआ है।