30

पूर्वी सिंहभूम, 12 दिसंबर । जमशेदपुर के बर्मामाइंस क्षेत्र में लगातार बढ़ती समस्याओं को लेकर ‘बस्ती बचाओ संघर्ष समिति’ के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को उपायुक्त को एक विस्तृत आवेदन सौंपा और समस्याओं के समाधान की मांग की।

समिति के संरक्षक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने बताया कि स्थानीय लोग वायु प्रदूषण, सड़क जाम, दुर्घटनाओं तथा नुवोको सीमेंट कंपनी की गाड़ियों द्वारा पुंज कंपनी परिसर में की जा रही अवैध पार्किंग जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले एक–डेढ़ वर्ष में टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा बर्मामाइंस की सड़कों की लगातार घेराबंदी की जा रही है, जिससे सड़कें काफी संकरी हो गई हैं, लिहाजा हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है और एंबुलेंस, स्कूल बसों, ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों एवं रेल यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने सड़कों के तत्काल विस्तारीकरण और चौड़ीकरण की मांग की है।

समिति के सदस्यों का कहना है कि बर्मामाइंस बाजार के पास स्थित स्लैग प्वाइंट से प्रतिदिन भारी मात्रा में धूल उड़ रही है, जिससे आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। राहगीर भी इस कारण प्रभावित हो रहे हैं। समिति ने आरोप लगाया कि नुवोको सीमेंट कंपनी की गाड़ियों का पुंज कंपनी परिसर में अवैध रूप से पार्क कराया जा रहा है। इसके नाम पर धन उगाही की बात भी कही गई। भारी वाहनों की कतार के कारण सड़क जाम होना आम बात बन गई है।

समिति ने यह भी आरोप लगाया कि जुस्को से जुड़े कुछ लोग बस्ती में अफवाह फैला रहे हैं कि क्षेत्र की बस्तियों को जल्द तोड़ा जाएगा, जिससे निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कई आवासीय मार्गों को बंद किए जाने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

इन सभी मुद्दों को लेकर बर्मामाइंस के निवासियों ने निर्णय लिया है कि ‘बस्ती बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले 14 दिसंबर, रविवार को सुबह 11 बजे दुर्गा पूजा मैदान, बर्मामाइंस में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा। इसकी पूर्व सूचना उपायुक्त को दे दी गई है। समिति ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इन गंभीर समस्याओं पर शीघ्र कदम उठाएगा।