कोलकाता, 23 नवंबर । उत्तर 24 परगना जिला अन्तर्गत बराहनगर थाना क्षेत्र के रवीन्द्र नगर में बुधवार सुबह लगभग 6:30 बजे हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने मात्र 48 घंटे में सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया। कचरा फेंकने निकले विकाश मजूमदार पर अज्ञात व्यक्तियों ने एक गोली चलाई थी, जिसमें उन्हें हल्की चोट आई थी।
घटना के उपरांत पुलिस ने विभिन्न कोणों से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों तथा स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो शूटर मटियाब्रुज क्षेत्र से पकड़े गए।
पकड़े गए आरोपित –
1. रेखा मजूमदार (पत्नी), मुख्य षड्यंत्रकर्ता,
2. प्रदीप दे फतेहपुर, थाना मटियाब्रुज —रेखा का अवैध संबंध
3. सुसांत आदक, मटियाब्रुज — मोटरसाइकिल चालक
4. मो. शमीम लस्कर, बसंती —गोली चलाने वाला हमलावर
पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीछे रेखा मजूमदार और प्रदीप दे के अवैध संबंध प्रमुख कारण हैं।
सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां पुलिस ने हथियार तथा अन्य साक्ष्य बरामद करने हेतु पुलिस रिमांड (पी.सी.) की प्रार्थना की है।
बराहनगर थाना की पुलिस इस प्रकरण में आगे की जांच में जुटी है।
