
हुगली, 02 फ़रवरी । हुगली जिले के बंडेल स्थित बंडेल महात्मा गांधी हिंदी विद्यालय (उच्च माध्यमिक) की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश का गंभीर आरोप सामने आया है। विद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में स्थानीय के एसडीओ समेत जिले के आला अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार प्रसाद ने सोमवार को “हिन्दुस्थान समाचार” को बताया कि स्कूल से सटी यह खुली भूमि वर्ष 1956 से विद्यालय के उपयोग में रही है। पहले इस भूमि को एक बाउंड्री वॉल से सुरक्षित किया गया था, जो समय के साथ जर्जर होकर गिर गई। इसके बाद भी यह भूमि नियमित रूप से विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाई जाती रही है।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि छात्र प्रतिदिन इस भूमि में साइकिल पार्किंग करते हैं। इसके अलावा जय हिंद बहिनी और एनसीसी इकाइयों द्वारा नियमित ड्रिल एवं शारीरिक प्रशिक्षण आयोजित किया जाता है। यह भूमि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आरोप है कि गत रविवार को कुछ स्थानीय लोग, जो एक स्थानीय पूजा समिति से जुड़े बताए जा रहे थे, उक्त भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर रहे थें।
प्रधानाध्यापक ने यह भी उल्लेख किया कि यह खुली भूमि लोक निर्माण विभाग की है, जिसे यूडीआईएसई में दर्शाया गया है। यही नहीं, लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान चुनाव आयोग द्वारा इस परिसर का व्यापक उपयोग किया जाता है। विद्यालय में कुल सात मतदान केंद्र हैं और केंद्रीय बलों के जवान इसी खुले स्थान का उपयोग ठहरने और दैनिक गतिविधियों के लिए करते हैं।
विद्यालय प्रशासन ने आशंका जताई है कि यदि अवैध निर्माण को नहीं रोका गया तो इससे छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और शैक्षणिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित होंगी।
इस मामले में प्रधानाध्यापक ने एसडीओ से आग्रह किया है कि वे तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध कब्जे को रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि विद्यालय और छात्रों के हितों की रक्षा हो सके।
बहरहाल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सोमवार को घटनास्थल का दौरा किया और आश्वस्त किया कि विद्यालय की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।






