aasan

आसनसोल, 06 फ़रवरी

आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारी विगत लगातार आठ दिनों से हड़ताल पर हैं । जिस वजह से आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है ।

उक्त विषय को लेकर आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने शुक्रवार को आसनसोल सर्किट हाउस में उच्च स्तरीय बैठक की।

मेयर विधान उपाध्याय ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं । जिससे आम जनता का परेशानी हो रही है । मेयर ने कहा कि पिछले साल इस मुद्दे पर सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक हुई थी। बैठक के बाद एक बोर्ड मीटिंग हुई थी। जिसमें सफाई कर्मचारियों को प्रतिदिन 357 रुपए करके दिए जाना तय हुआ था और ₹50 प्रोविडेंट फंड का जमा किया जाता था। इस तरह से हर एक सफाई कर्मचारी को प्रतिदिन 407 रुपए करके मिलता है । जो पूरे बंगाल में किसी भी अन्य निगम की तरफ से नहीं दिया जाता । उस समय यह साफ तौर पर कह दिया गया था कि अगले दो सालों तक वेतन वृद्धि को लेकर कोई बातचीत नहीं होगी ।

मेयर ने कहा कि तजब तक आसनसोल नगर निगम की आर्थिक स्थिति नहीं सुधरती तब तक इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं होगी । लेकिन फिर भी अगर सफाई कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं, तो यह दुर्भाग्य जनक है ।

विधान उपाध्याय ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की अन्य मांगे जैसे प्रोविडेंट फंड, ईएसआई के मुद्दे पर सहानुभूति के साथ विचार किया जा रहा है । प्रोविडेंट फंड की सुविधा शुरू भी हो चुकी है । लेकिन वर्तमान परिस्थिति में सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाना संभव नहीं है।

उन्होंने साफ कहा कि वह किसी को अंधेरे में नहीं रखना चाहते। जो संभव नहीं है उसे लेकर वह कोई आश्वासन नहीं देना चाहते । इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जो गंदगी का अंबार लगा है । उसको साफ करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में भी सोचा जा रहा है । मेयर ने कहा कि नगर निगम किसी को भी उसकी नौकरी से नहीं निकलना चाहता लेकिन आम जनता को परेशानी से बचाना भी निगम की जिम्मेदारी है ।