हुगली, 28 मई । लंबे समय से चली आ रही मांग, आंदोलन और इंतजार के बाद आखिरकार अरांडी–जयसिंहचक पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। गुरुवार को भूमिपूजन के साथ इस बहुप्रतीक्षित पुल परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। पुल निर्माण शुरू होने से अरांडी और आसपास के इलाकों के लोगों में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में आरामबाग के विधायक हेमंत बाग सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। भूमिपूजन के दौरान लोगों ने लंबे समय से लंबित इस परियोजना के शुरू होने पर उत्साह व्यक्त किया।
विधायक हेमंत बाग ने कहा कि यह पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लंबे समय से देखे जा रहे सपने के पूरा होने की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि इलाके के लोग लंबे समय से यातायात समस्याओं से जूझ रहे थे। खासकर बरसात के दौरान लोगों की परेशानी काफी बढ़ जाती थी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद इलाके की संपर्क व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और क्षेत्र के समग्र विकास का रास्ता और अधिक मजबूत होगा।
हेमंत बाग ने कहा कि लोगों के साथ रहकर विकास के वादों को पूरा करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। स्थानीय निवासियों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ही इस परियोजना को शुरू किया गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई वर्षों से इस पुल की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि पुल का निर्माण कार्य तय समय के भीतर पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिल सके।
