______005

पश्चिमी सिंहभूम, 26 सितंबर ।  चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय चौबे ने नवरात्र और दुर्गोत्सव के अवसर पर शहरवासियों को शुभकामनाएं दीं और  खरीदारी स्थानीय दुकानदारों से करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी भले ही सुविधाजनक हो, लेकिन स्थानीय व्यापारियों का समर्थन करना शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। चौबे ने बताया कि जब लोग मुहल्ले और शहर की दुकानों से सामान खरीदते हैं तो इससे न केवल व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि बाजार भी मजबूत होता है और समुदाय का विकास होता है।

उन्होंने चाईबासा वासियों से आह्वान किया कि त्योहारों के इस मौसम में वे अपने शहर के दुकानदारों को प्राथमिकता दें और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा दें।

संजय चौबे ने कहा आपका छोटा सा प्रयास हमारी स्थानीय अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकता है। चलिए, हम सब मिलकर एक मजबूत और समृद्ध चाईबासा का निर्माण करें।