पलामू, 10 जून । पलामू जिले के पांकी प्रखंड के करार पंचायत अंतर्गत नादगाद गांव निवासी 76 वर्षीय धनराज भुइयां की अज्ञात अपराधियों ने गला दबाकर और पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। धनराज का शव गांव में सोनरे नदी किनारे से बुधवार सुबह बरामद किया गया । दोपहर में मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ( एमएमसीएच) में शव का पोस्टमार्टम किया गया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने जमीन विवाद और किसी से दुश्मनी से इनकार किया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह धनराज भुइयां मवेशियों को लेकर चराने निकले थे, लेकिन लौट कर घर नहीं आए। उनकी खोजबीन की जा रही थी। इसी क्रम में सोनरे नदी के किनारे उनका शव बरामद हुआ।
शव को देखने से पता चलता था कि गला दबाने के बाद सिर को पत्थर से कुचलकर
हत्या की गई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या के कारणों तथा अपराधियों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद मध्य सदस्य खुशबू कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।
