onkkkk

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर । कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पंजाब दौरे के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपना कार्यक्रम तय किया है। भाजपा 4 नवंबर को चंडीगढ़ में एक बड़ा सिख सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इस सम्मेलन का प्रमुख केंद्र 1984 के सिख विरोधी दंगे और इन दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने की लड़ाई होगी।

दिनभर चलने वाले इस सम्मेलन में 1984 के दंगों से प्रभावित लोगों, पीड़ित परिवारों और लंबे समय से न्याय की लड़ाई लड़ रहे लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके जरिए दंगों से जुड़े मामलों, पीड़ितों के संघर्ष और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक सम्मेलन में उन वकीलों को भी आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने 1984 के दंगों से जुड़े मामलों में पीड़ित परिवारों की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ी है। इसके अलावा, हिंसा से जुड़े मामलों में फैसले सुनाने वाले न्यायाधीशों को भी इस कार्यक्रम में बुलाया गया है। इस तरह सम्मेलन में पीड़ितों के अनुभवों के साथ-साथ कानूनी लड़ाई और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े पहलुओं को भी जगह दी जाएगी।

गौरतलब है कि राहुल गांधी 4 नवंबर को पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की रैली को संबोधित करने वाले हैं। यह रैली पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के चुनावी अभियान की शुरुआत मानी जा रही है। ऐसे में उसी दिन चंडीगढ़ में भाजपा का सिख कांक्लेव आयोजित होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

भाजपा के इस कार्यक्रम को राहुल गांधी के पंजाब दौरे के दौरान पार्टी की ओर से 1984 के दंगों और सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सम्मेलन का घोषित मुख्य उद्देश्य 1984 के दंगा पीड़ितों, उनके परिवारों और न्याय की लड़ाई को समर्पित रहना है।