कोलकाता, 12 अक्टूबर दुर्गापूजा के अवसर पर विशेष आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में समुद्र तट की सभी दुकानें लगातार छह दिनों तक बंद रहेंगी। दीघा शंकरपुर विकास प्राधिकरण ने 11 से 16 अक्टूबर तक दुकानों को बंद रखने की घोषणा की है। दीघा में 14 और 15 अक्टूबर को ‘मां के आगमन पर, आनंद दीघा में’ नाम से दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मद्देनजर न्यू दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के आसपास तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दीघा प्रवेश द्वार से लेकर विभिन्न स्थानों तक रोशनी, मूर्तियों, बैनरों और होर्डिंग के माध्यम से सजावट की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।
दीघा के जिलाधिकारी निरंजन कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। समुद्र तट के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड भी लगाए गए हैं, ताकि अतिथियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हालांकि, समुद्र तट पर दुकानें बंद रहने से छोटे कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार को समुद्र तट पर प्रसाधन सामग्री बेचने वाले स्थानीय व्यवसायी रमेश प्रधान ने “हिन्दुस्थान समाचार” को बताया कि उनकी दुकान ही आजीविका का एकमात्र साधन है। छह दिनों तक दुकान बंद रहने से दुर्गापूजा के दौरान उनकी कमाई प्रभावित होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि आयोजन प्रशासन की ओर से किया जा रहा है, इसलिए उन्हें कुछ परेशानी सहन करनी पड़ेगी।
