रांची, 05 अगस्त । झारखंड विधानसभा के स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में आगामी 06 अगस्त से प्रारंभ होने वाले राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र के सफल, सुचारू एवं गरिमापूर्ण संचालन को लेकर आज सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी शामिल हुए। बैठक में कल से शुरू हो रहे मॉनसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित किए जाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन के लिए सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया।
इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
