m

सिलीगुड़ी, 25 मई। पश्चिम बंगाल के खोरीबाड़ी इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने खोरीबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा के अनुसार, बिन्नाबाड़ी पंचायत के देवीगंज निवासी मुन्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी फैल गई।

इस मामले को लेकर भाजपा के सिलीगुड़ी संगठनात्मक जिला सचिव अनिल कुमार राय सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपित मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा उसके एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों आरोपितों को सोमवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ——————