सात स्कूली छात्र झुलसे 2

खूंटी, 20 जुलाई । झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो स्कूली छात्रों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र घायल हो गए। हादसा कोटेगसेरा स्थित मौसीबाड़ी के समीप उस समय हुआ, जब लंच ब्रेक के दौरान कुछ छात्र वहां खड़े एक रथ को घुमाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे पूरा रथ करंट की चपेट में आ गया और वहां मौजूद नौ छात्र झुलस गए।

मृतकों की पहचान चंदन कुमार (16 वर्ष), निवासी पेट्रोल पंप क्षेत्र, तोरपा तथा तारकेश्वर महतो (15 वर्ष), निवासी टुराटोली के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर अवस्था में पहले तोरपा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी रेफर किया गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में अरमान आलम (16 वर्ष, तोरपा), सूजय लुहरा (17 वर्ष, सैयसेरा), नीलय एक्का, पंकज राम (16 वर्ष), रुपेश कुमार, गिरिराज यादव तथा कमलेश गोप शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज तोरपा रेफरल अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय में दोपहर का लंच ब्रेक चल रहा था। इसी दौरान कुछ छात्र स्कूल परिसर से निकलकर मौसीबाड़ी के समीप पहुंचे, जहां एक रथ खड़ा था। छात्र रथ को घुमाने अथवा आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। तभी उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। इसके बाद रथ में तेज करंट प्रवाहित हो गया और उसके संपर्क में आए सभी छात्र उसकी चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही तोरपा रेफरल अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृत छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि अस्पताल परिसर में शोक और गम का माहौल छा गया।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र लंच ब्रेक के दौरान स्वयं मौसीबाड़ी पहुंचे थे या उन्हें रथ खींचने अथवा धक्का देने के लिए किसी ने बुलाया था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रथ हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे कैसे पहुंचा और इस हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।

पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ पूरे घटनाक्रम की निगरानी करने की बात कही है।