अबुआ अधिकार मंच

रांची, 7 फरवरी । अबुआ अधिकार मंच के सदस्यों ने शनिवार को मारवाड़ी महाविद्यालय, रांची के प्राचार्य का घेराव कर महाविद्यालय प्रशासन में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस घेराव का नेतृत्व मंच के मारवाड़ी महाविद्यालय अध्यक्ष विशाल कुमार यादव ने किया। लगभग चार घंटे तक चले धरना–प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और प्रशासन की कथित मनमानी के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना स्थल पर अध्यक्ष विशाल कुमार यादव ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों से महाविद्यालय में कार्यरत डॉ. प्रकाश कुमार ने एक भी कक्षा नहीं ली है। वहीं, महाविद्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर पुनीत कुमार पिछले छह महीनों से लगातार अनुपस्थित हैं, इसके बावजूद उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि इन गंभीर मुद्दों को लेकर कई बार महाविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया गया और सूचना के अधिकार के तहत भी आवेदन दिए गए, लेकिन हर बार गोलमोल जवाब देकर मामले को दबाने का प्रयास किया गया। मंच ने प्राचार्य से मांग की कि इस संवेदनशील मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

मौके पर मौजूद महाविद्यालय की प्राचार्या ने मंच के सदस्यों को आश्वासन देते हुए कहा कि कंप्यूटर ऑपरेटर पुनीत कुमार को एक सप्ताह के भीतर महाविद्यालय से हटाने संबंधी नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, डॉ. प्रकाश कुमार को शो-कॉज नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि उनका उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध भी आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान अबुआ अधिकार मंच के सदस्यों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर दोनों मामलों में ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो मंच को महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

घेराव कार्यक्रम में मुख्य रूप से विशाल गुप्ता, ईशा गुप्ता, प्रतीक चौधरी, प्रभात कुमार महतो, अनुज कुमार, गौतम राणा, रोशन साहू सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।