कोलकाता, 08 जून । विधानसभा में कथित हस्ताक्षर जालसाजी मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सोमवार को भी सीआईडी के सामने पेश नहीं हुए। उन्होंने सीआईडी को एक पत्र भेजकर बताया कि इस मामले की सुनवाई आगामी बुधवार को कोलकाता हाईकोर्ट में होनी है।
सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को सोमवार को पूछताछ के लिए अपने कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया था। हालांकि, वह फिलहाल दिल्ली में हैं। बताया गया है कि वह इंडी गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार को दिल्ली गए थे और अभी वहीं मौजूद हैं।
सीआईडी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि उन्हें अभिषेक का पत्र मिल गया है। अब आगे क्या कदम उठाया जाएगा, इस पर जांच अधिकारियों के बीच चर्चा चल रही है।
गौरतलब है कि विधानसभा के कथित हस्ताक्षर जालसाजी मामले में अभिषेक बनर्जी दूसरी बार सीआईडी के समक्ष पेश होने से बच गए हैं।
