रांची, 17 फरवरी। झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में मामूली विवाद के बाद एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मर्सिडीज कार चला रहे एक व्यक्ति ने पहले एक युवक को टक्कर मारी और फिर उसे कार के बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक घसीटता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक रास्ते भर जान बचाने के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी वाहन नहीं रोक रहा था। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने जब कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उन पर भी वाहन चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि जवान बाल-बाल बच गए और आरोपी वहां से फरार हो गया।
बताया जाता है कि आरोपी युवक को सड़क पर छोड़ने के बजाय अपने घर तक ले गया। वहां पहुंचकर उसने युवक को जबरन नीचे उतारा, बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित मुक्त कराया। युवक डरा-सहमा हुआ था तथा उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पेशे से वकील है। घटना में प्रयुक्त लग्जरी मर्सिडीज-बेंज कार को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। शहर में इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
