बस और बाइक की टक्कर

खूंटी, 21 सितंबर । तोरपा थाना क्षेत्र के कारो नदी पुल पर रविवार को बस और बाइक की सीधी भिड़ंत में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बसिया थाना क्षेत्र के हाफू कजरा निवासी जय मसीह बरला के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक मंगल उरांव खूंटी थाना क्षेत्र के चलागी अकता का रहनेवाला है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से अकता से बसिया जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही  बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में जय मसीह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं, घायल मंगल को रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर तोरपा अंचल के पुलिस इंस्पेक्टर अशोक सिंह और एसआई अमरेंद्र मंडल घटनास्थल पर पहुंचे और बस एवं बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, दोनों युवक कुछ दिनों से दस माइल में पेंट-पुताई का काम कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद जय मसीह को घर छोड़ने जाते समय हादसा हुआ।