पूर्वी सिंहभूम, 10 अगस्त । टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय युवक सागु राम खड़ी टाटा-दानापुर ट्रेन की छत पर चढ़ गया। युवक को ट्रेन की छत पर चढ़ते देख यात्रियों और रेलकर्मियों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी बातों को नजरअंदाज करते हुए छत पर घूमता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने लोगों से कहा कि वह ट्रेन की छत पर चढ़कर एक छोर से दूसरे छोर तक जाएगा। इसके बाद वह काफी देर तक ट्रेन की छत पर चहलकदमी करता रहा। इस दौरान नीचे मौजूद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। रेलकर्मी और आसपास के लोग लगातार उसे नीचे उतरने के लिए कहते रहे, लेकिन युवक छत से नहीं उतरा।
इसी दौरान वह ट्रेन के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक को जोरदार झटका लगा और वह ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यात्रियों और रेलकर्मियों ने तत्काल घायल युवक को उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण टाटानगर स्टेशन परिसर में कुछ देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे अधिकारियों ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई है।
