शार्ट सर्किट से लगी आग

पलामू, 16 फ़रवरी । पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह में सोमवार को लंबे समय से बंद पड़े एक लाइन होटल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग के दौरान सिलेंडर विस्फोट से आसपास अफरा-तफरी मच गई।

सिलेंडर फटने के कारण किसी ने तुरंत आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटाई। इससे होटल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना में एक व्यक्ति झुलसकर घायल हुआ है।

होटल मालिक संजय प्रसाद घटना की जानकारी मिलने के बाद बार-बार बेहोश हो रहे थे। उन्हें इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया गया। इस हादसे से मकान और दुकान मालिक को लाखों का नुकसान हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से बंद पड़े होटल से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। जब लोग आग बुझाने पहुंचे, तभी अचानक सिलेंडर फटने लगे। इस कारण अफरा-तफरी मच गई और कोई पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।

घटना की सूचना मिलने पर सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा, एसआई प्रदीप कुमार, एएसआई सुबोध कुमार और जवान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से मकान के पीछे लगे झोरान को उखाड़कर आग के फैलाव को रोका। चापाकल से पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाया गया। पास खड़ी एक 307 पिकअप वैन को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया। एनएच-39 पर ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए पुलिस ने तैनाती की।

रबदा के मुखिया, बकोरिया के मुखिया संतोष उरांव, सामाजिक कार्यकर्ता अतुल कुमार, मोहम्मद अकबर, सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह और अन्य लोग पानी डालकर आग बुझाने में मदद करते देखे गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।