CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 75

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 75

रांची, 22 जनवरी । झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के मनोकामना नगर में बुधवार रात करीब 2 बजे लाठी-डंडों से लैस छह डकैतों ने सुमेश महतो के घर पर सनसनीखेज डकैती को अंजाम दिया।

लूट के दौरान परिवार के सदस्यों—सुमेश, उनकी पत्नी और 13 साल के मासूम बेटे के साथ अपराधियों ने बर्बरतापूर्ण मारपीट की, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बच्चे व मां की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार,  अपराधियों ने  देर रात घर में घुस कर लूटपाट शुरू कर दी। सुमेश की पत्नी ने विरोध किया तो उसे बुरी तरह पीटा गया। बीच-बचाव के लिए दौड़े सुमेश महतो पर भी डंडों से हमला बोला गया। क्रूरता की हद पार करते हुए अपराधियों ने 13 साल के बच्चे को भी नहीं बख्शा—उसकी पिटाई इतनी बेरहम थी कि वह खून से लथपथ हो कर गिर पड़ा।

घर के बाहर के कमरे में सो रहे दो मजदूरों को भी अंदर घुसते समय बंधक बना लिया गया, ताकि कोई चीख न मार सके।परिवार की चीख-पुकार सुन पड़ोसी जाग उठे। जब मोहल्ले वाले सुमेश के घर पहुंचे तो भयावह दृश्य देखा—सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, पति-पत्नी व बच्चा खून में डूबे पड़े थे।

पड़ोसी दिवाकर कुमार ने बताया, “अपराधी कितने बेरहम थे कि मासूम बच्चे को भी नहीं छोड़ा। घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी व कीमती सामान गायब हैं।” स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से सदर अस्पताल भेजा। अभी तक लूटी गई चीजों का सटीक ब्योरा नहीं मिला, क्योंकि पीड़ित बेहोश हैं। होश आने पर ही पूरी जानकारी संभव होगी।घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी पुलिस, डॉग स्क्वाड व एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंचीं।

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया, “यह डकैती का स्पष्ट मामला है। पीड़ित परिवार का इलाज पुलिस निगरानी में कराया जा रहा। अपराधियों की तलाश तेज है, सीसीटीवी फुटेज व सुराग खंगाले जा रहे।” पुलिस ने आसपास के चेकपोस्ट्स पर अलर्ट जारी किया है।

स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है। मनोकामना नगर जैसे शांत इलाके में रात के इस पहर ऐसी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। लोग रात में दरवाजे बंद रखने व पड़ोसियों से सतर्क रहने की सलाह दे रहे। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। जांच में जल्द अपराधियों को पकड़ने का दावा किया।