अर्जुन मुंडा

ओंकार समाचार

पूर्वी सिंहभूम, 22 अक्टूबर।  राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर बुधवार को काली पूजा के अवसर पर भव्य प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और राजनीतिक हस्तियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सुबह से ही श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की शुरुआत हुई और दिनभर लोग पंडाल में पहुंचकर माता काली का आशीर्वाद ग्रहण करते रहे।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि “प्रकृति और आस्था से जुड़कर माता काली का आशीर्वाद प्राप्त करना जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।” उन्होंने बताया कि यह वार्षिक प्रसाद वितरण समारोह वर्षों से परंपरागत रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज़ से लोग भाग लेते हैं।

मुंडा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सौहार्द और आपसी सहयोग का संदेश देते हैं। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।