awd

सिलीगुड़ी, 25 जनवरी । फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान एवं आगामी गणतंत्र दिवस के मौके पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी और 41वीं वाहिनी एसएसबी, रानीडंगा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

महानिरीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। देशभक्ति के जोश, नारों और गीतों के साथ यह रैली 41वीं वाहिनी मुख्यालय से मेडिकल मोड़ होते हुए डेसुन अस्पताल तक गई और फिर वापस रानीडंगा कैंप पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर महानिरीक्षक वंदन सक्सेना ने उपस्थित अधिकारियों, जवानों और प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी सराहा है, आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल एक उत्कृष्ट व्यायाम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और मानसिक तनाव से मुक्ति का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बल दिया कि सुरक्षा बलों के लिए शारीरिक स्वास्थता अत्यंत आवश्यक है। इस तरह के अभियानों से जहां जवानों की शारीरिक दक्षता बढ़ती है, वहीं युवाओं को भी मोटापे जैसी समस्याओं से लड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।