Oplus_16908288
धनबाद, 03 मई । धनबाद के तेतुलमारी स्टेशन के पास पोल संख्या 280/6 के समीप एक युवक की अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुबोध कुमार सिंह (40) के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के लाव गांव के निवासी थे।
शव लेने धनबाद पहुंचे मृतक के परिजन सूरज कुमार के अनुसार, सुबोध शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी। इसी बीच धनबाद जीआरपी थाना से सूचना मिली कि तेतुलमारी स्टेशन के पास एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है, जिसकी पहचान बाद में सुबोध के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि सुबोध सूरत में प्राइवेट नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने घर आए थे। परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और घरेलू क्लेश के कारण मानसिक तनाव में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सुबोध बस के जरिए गया स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर धनबाद आए। तेतुलमारी स्टेशन के पास किसी समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद जीआरपी पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
