shav

मुर्शिदाबाद, 27 अप्रैल । जंगीपुर में सोमवार सुबह एक तृणमूल कांग्रेस के बूथ एजेंट का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। भागीरथी नदी में बैकुंठपुर गांव के पास एक प्रौढ़ व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा गया।

बाद में ललगोला ब्लॉक की तृणमूल महिला समिति की अध्यक्ष हसीना बानो ने शव की पहचान अपने पति नाजिर शेख के रूप में की। हसीना बानो ने बताया कि चुनाव के दिन वह और उनके पति दोनों तृणमूल कांग्रेस के बूथ एजेंट थे।

उनके अनुसार, रविवार दोपहर नाजिर शेख दोस्तों के बुलाने पर घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। हसीना बानो का दावा है कि रविवार शाम करीब पांच बजे से सोमवार सुबह तक लगातार फोन किया गया, लेकिन नाजिर का मोबाइल बंद मिला।

सोमवार सुबह बैकुंठपुर गांव के पास भागीरथी नदी में नाजिर शेख का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जंगीपुर अस्पताल भेज दिया।