खूंटी, 21 अप्रैल । झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रा-गोविंदपुर रेल मार्ग पर मंगलवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक की मौत संभवतः ट्रेन से कटकर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
