पलामू, 20 अप्रैल । पलामू जिले के पाटन, सतबरवा और छतरपुर थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में बिहार के एक युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
पहली घटना पाटन थाना क्षेत्र के जोड़ा खुर्द गांव की है, जहां संदीप प्रसाद के पुत्र शशिकांत कुमार (22) की देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जाता है कि शशिकांत बाइक से अपने दोस्त को लेने डालटनगंज रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान साकन पीढ़ी गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना छतरपुर थाना क्षेत्र के तेलाड़ी मोड़ के पास सोमवार दोपहर को हुई। इस हादसे में चुरवाही टोला निवासी अरविंद सिंह के पुत्र करण कुमार (15) की जान चली गई। करण अपने चचेरे भाई के साथ ऑटो से छतरपुर बाजार जा रहा था, तभी ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसे पहले छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
तीसरी घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के लहलहे बाईपास ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह हुई, जहां एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बिहार के मधुबनी निवासी दीपक कुमार यादव की मौत हो गई, जबकि पलामू के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के पंचअंबा गांव निवासी वीरेंद्र पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज मेदिनीनगर एमएमसीएच में जारी है।
परिजनों के अनुसार, दीपक कुमार यादव राजस्थान में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और हाल ही में पलामू में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। घटना के संबंध में पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
इसके अलावा सतबरवा थाना क्षेत्र के कुटमू–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर भुसड़िया मोड़ के पास स्कॉर्पियो और 407 ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक घायल हो गया, जबकि वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गया।
पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
