पलामू/पश्चिमी सिंहभूम, 17 अप्रैल। झारखंड के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही इन हादसों की मुख्य वजह बताई जा रही है।

पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत गहर पथरा मोड़ के पास गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लूना में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान फरोज अंसारी (11), तोहिद अंसारी (15) और इब्राहिज अंसारी (13) के रूप में हुई है। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरे की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र के जोड़ापोखर चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 64 वर्षीय चंद्र मोहन बारी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे पेट्रोल लेने जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
इसी जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र में एक अन्य हादसे में स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक बुधराम सांडिल (54) की मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री घायल हो गई। दोनों चाईबासा जा रहे थे, तभी बरकुंडीय मोड़ के पास स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया।
पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
