गिरिडीह, 15 अप्रैल। जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। लेदा निवासी यशोदा देवी ने सिंदवरिया पंचायत के कंदाडाबर गांव के रवि कुमार वर्मा समेत कई लोगों पर उनके निर्माणाधीन घर को जबरन तोड़ने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, वह पिछले तीन महीनों से विवादित जमीन पर घर का निर्माण करा रही थीं। इसी बीच बीते दिनों रात करीब 9 बजे आरोपी पक्ष के लोग ट्रैक्टर के साथ मौके पर पहुंचे और उनके घर को ध्वस्त कर दिया। यशोदा देवी ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
इस मामले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें बैजनाथ वर्मा, भुनेश्वर महतो, सुनील कुमार वर्मा, दशरथ महतो, सुमन देवी और पिंकी देवी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। पंचायत स्तर पर कई बार समाधान के प्रयास हुए, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका।
घटना के बाद पीड़िता ने मुफस्सिल थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि तनाव बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
