कोलकाता/ हुगली, 14 अप्रेल । बांग्ला नववर्ष के आगमन के साथ एक बार फिर नई उम्मीदों और संकल्पों के बीच गंगा मिशन की ओर से ‘मीन मंगल उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। पहेला बैशाख के अवसर पर हुगली के बांसबेड़िया में यह उत्सव नए सवेरे के साथ मनाया जाएगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए इस बार गंगा मिशन की ओर से आम लोगों के बीच जल शुद्धिकरण यंत्र, पक्षियों के लिए घोंसले और पानी ठंडा रखने वाले उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही शारीरिक उपचार केंद्र और रात्रिकालीन आश्रय शिविर का भी उद्घाटन किया जाएगा।
कार्यक्रम में गंगा मिशन के अखिल भारतीय महासचिव प्रह्लाद राय गोयनका सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि गंगा मिशन द्वारा ‘मीन मंगल उत्सव’ पिछले कई वर्षों से हुगली समेत बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किया जाता रहा है। संगठन के राष्ट्रीय सचिव के अनुसार, प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के उद्देश्य से इस उत्सव का आयोजन किया जाता है।
