गोदाम में लगी भीषण आग

पूर्वी सिंहभूम, 11 अप्रैल। सुंदरनगर थाना क्षेत्र के हाता रोड स्थित एक गोदाम में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा ढाबा के समीप स्थित ‘सौरभ इंटरप्राइजेज’ नामक गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। गोदाम में चिप्स, कुरकुरे और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को गोदाम का गेट और छत काटकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग को आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सुंदरनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए रखी। गोदाम मालिक के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन अभी किया जा रहा है।

खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और दमकल कर्मी लगातार प्रयास में जुटे थे। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।