फांसी

पूर्वी सिंहभूम, 01 मार्च ।  जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एक सैलून संचालक ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बाबूडीह शंकर नगर रोड नंबर-1 निवासी मिथिलेश ठाकुर (39) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, मिथिलेश ठाकुर शनिवार देर शाम तक घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिवार के लोग चिंतित हो गए। काफी इंतजार के बाद परिजन उनकी कानूभट्ठा स्थित सैलून दुकान पर पहुंचे, तो दुकान अंदर से बंद थी। किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो अंदर मिथिलेश फंदे से लटके मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत सिदगोड़ा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि किसी पारिवारिक विवाद के कारण मिथिलेश ठाकुर पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।