हुगली, 15 फ़रवरी । जिले में रिषड़ा स्टेशन के पास मैत्री पथ से सटे मैदान में लगातार कूड़ा जलाए जाने से पूरे इलाके में गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न हो गया है। कूड़े से उठता जहरीला धुआं रिषड़ा स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों को प्रदूषण के गुबार में ढके हुए है, जिससे आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार धुएं के कारण रिषड़ा थाना तक गैस चैंबर में तब्दील हो जाता है। सैकड़ों स्कूली छात्र, रोज़ाना स्टेशन से होकर आने-जाने वाले हजारों यात्री और स्थानीय निवासी इस जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और सिरदर्द जैसी शिकायतें आम हो गई हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा था। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक प्रशासन की तीखी आलोचना हो रही थी। लोगों की लगातार शिकायतों और बढ़ते दबाव के बीच आखिरकार रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा ने रविवार को घटनास्थल का दौरा किया।
दौरे के दौरान चेयरमैन ने स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले में कूड़ा जलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ भी है। उन्होंने जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाने का आश्वासन दिया।
चेयरमैन के इस सक्रिय हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद की एक नई किरण जगी है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन अपने वादों पर अमल करता है, तो रिषड़ा को जहरीले धुएं से जल्द राहत मिल सकती है।
