onkar

सिलीगुड़ी, 15 फरवरी । सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात महानंदा ब्रिज के नीचे अभियान चलाकर एक व्यक्ति को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कोलकाता निवासी भरत कुमार दास (38) के रूप में हुई है। आरोपित के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से लगभग 21 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि आरोपित कूचबिहार से दक्षिण बंगाल की ओर मादक पदार्थ की तस्करी की योजना बना रहा था। उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

फिलहाल आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है।