पश्चिमी सिंहभूम, 15 फ़रवरी । पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चकोमटोनांग के समीप जंगल में मिले शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में टेबो थाना में गत 13 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार 13 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव से लगभग 500 मीटर दूर जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही टेबो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मोरा नाग (55 ) के रूप में हुई।
मृतक के परिजन कानु नाग के फर्दबयान पर थाना में मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी में सनिका संगवार, तथा गोबाई संगवार को नामजद आरोपित बनाया गया है।
रविवार को उपाधीक्षक चक्रधरपुर कुमार विनोद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। 14 फरवरी को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित सनिका संगवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना पत्थर भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त किया गया है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक चक्रधरपुर कुमार विनोद, टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी सहित रामाशीष प्रजापत, सुभाष कुमार महतो, अर्जुन उरांव, कार्तिक लोहरा, रतनलाल मुर्मू और डोमन सिंह सरदार शामिल थे।
पुलिस अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
