
कोलकाता, 04 फ़रवरी । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर दो महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गज पंडित भीमसेन जोशी की जयंती और प्रख्यात वैज्ञानिक सत्येंद्रनाथ बोस की पुण्यतिथि के अवसर पर भावपूर्ण संदेश साझा किया।
अपने पहले पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित भीमसेन जोशी भारतीय शास्त्रीय संगीत के ऐसे महान स्तंभ थे, जिनकी साधना, स्वर और योगदान संगीत जगत में सदैव अमर रहेंगे। उन्होंने उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धा के साथ स्मरण किया।
वहीं, दूसरे पोस्ट में ममता बनर्जी ने आधुनिक भौतिकी के अग्रदूत, बंगाल के गौरव और विश्वविख्यात वैज्ञानिक सत्येंद्रनाथ बोस की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में सत्येंद्रनाथ बोस का योगदान देश और दुनिया के लिए गर्व का विषय है और उनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा।








